अमृतसर , फरवरी 23 -- पंजाब सरकार का पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले विभाग राज्य की सांस्कृतिक विरासत, जीवनशैली और खान-पान को वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से 27 फरवरी से एक मार्च तक अमृतसर में तीन दिवसीय 'रंगला पंजाब उत्सव' का आयोजन करने जा रहा है।

अमृतसर के उपायुक्त दलविंदरजीत सिंह ने सोमवार को बताया कि अमृतसर जिला प्रशासन ने इस उत्सव की सफलता के लिए विभिन्न विभागीय समितियां बनाकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने बताया कि यह तीन दिवसीय उत्सव अमृतसर के रणजीत एवेन्यू ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।

श्री सिंह ने कहा कि रंगला पंजाब उत्सव 27 फरवरी को शुरू होगा और एक मार्च, 2026 तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह तीन दिवसीय उत्सव पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत को समर्पित होगा, जिसमें पंजाब की समृद्ध विरासत की झलक मिलेगी। उत्सव के दौरान एक खूबसूरत 'क्राफ्ट मार्केट' (शिल्प बाजार) स्थापित किया जाएगा, जहां दुकानदार पारंपरिक पंजाबी और अन्य सामानों के स्टॉल लगाएंगे। इसके अलावा, उत्सव के दौरान बनाए गए 'फूड कोर्ट' में पंजाब के स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद चखा जा सकेगा। उन्होंने बताया कि रंगला पंजाब उत्सव के तीनों दिन पंजाब के नामी गायकों द्वारा 'गायन अखाड़ों' के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन किया जाएगा। इसके साथ ही गिद्दा-भांगड़ा जैसे पंजाबी संस्कृति के अन्य रूपों का भी प्रदर्शन होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि रंगला पंजाब उत्सव के दौरान आम जनता के लिए प्रवेश पूरी तरह से निःशुल्क रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित