अमृतसर , मई 27 -- निर्वाचन आयोग ने पंजाब में 15 जून 2026 से शुरू की जा रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत अमृतसर के जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-उपायुक्त दलविंदरजीत सिंह ने जिले की सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों और सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये हैं।

उपायुक्त ने बुधवार को बताया कि इस विशेष अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिले में 55 अतिरिक्त सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारी, दाे सुपरवाइजर, पांच जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर और 2134 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की तैनाती की गयी है। उन्होंने जानकारी दी कि जारी कार्यक्रम के अनुसार बीएलओ 25 जून से 24 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर मतदाताओं के फॉर्म भरेंगे। इसके बाद 31 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने बताया कि दावे और आपत्तियां 30 अगस्त तक स्वीकार की जाएंगी। इनके निपटारे के बाद 28 सितंबर तक प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी और अंतिम मतदाता सूची एक अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि एक अक्टूबर 2026 को विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए क्वालिफाइंग डेट निर्धारित की गयी है। इसके अलावा मतदान केंद्रों के पुनर्गठन और युक्तिकरण से संबंधित कार्य 24 जुलाई 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 से 20 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित