अमृतसर , अगस्त 01 -- पंजाब को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार संचालित नशीले पदार्थ तस्करी तथा संगठित अपराध नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओम शर्मा, निवासी अमृतसर रोड, झबाल (जिला तरनतारन) के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा सिटी कार भी जब्त कर ली है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहा था, जिसका संबंध सीमा पार सक्रिय ड्रग तस्करों से है। आरोपी की भूमिका भारत-पाक सीमा के निकट हेरोइन की खेप प्राप्त कर उसे पंजाब के विभिन्न इलाकों में आगे पहुंचाने की थी। उन्होंने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर को खुफिया सूचना मिली थी कि पाकिस्तान स्थित तस्करों द्वारा ड्रोन के जरिए अमृतसर के अजनाला क्षेत्र में हेरोइन की खेप भेजी जा रही है। यह खेप विदेशी हैंडलर के निर्देश पर ओम शर्मा तक पहुंचायी जाती थी, जो आगे राज्य के अन्य तस्करों तक इसकी आपूर्ति करता था।
उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अमृतसर के फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित सोहियां कलां इलाके में दाना मंडी के पास नाकाबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20 किलो हेरोइन बरामद की गयी। मामले की जांच जारी है। पुलिस इस नेटवर्क के आगे और पीछे के सभी लिंक खंगाल रही है ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके और पहले पकड़े जा चुके ड्रग तस्करी मॉड्यूल से इसके संभावित संबंधों की भी जांच की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित