अमृतसर , अक्टूबर 26 -- ) पंजाब में अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट ने अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले दो नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो नाबालिगों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 16 पिस्तौल तथा सात कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे एक संचालक के संपर्क में थे, जो अवैध हथियारों की खेप उपलब्ध कराने में मदद करता था। इसके बाद संगठित नेटवर्क के माध्यम से ये हथियार आपराधिक तत्वों तक पहुंचाए जाते थे।

इस संबंध में अमृतसर के कैंटोनमेंट और गेट हकीमा थानों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस नेटवर्क की पूरी कड़ी का पता लगाने के साथ हथियारों की आपूर्ति के स्रोत और इन्हें प्राप्त करने वालों की पहचान करने के लिए जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित