अमृतसर , जनवरी 12 -- पश्चिमी कमान के तत्वावधान में वज्र कोर द्वारा 14 जनवरी को अमृतसर के खासा में 10वां सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस मनाया जाएगा।
सेना के प्रवक्ता ने सोमवार को यहां जारी बयान में बताया कि यह आयोजन भारतीय थलसेना, नौसेना एवं वायुसेना के पूर्व सैनिकों, वीरता पुरस्कार विजेताओं, वीर नारियों एवं विधवाओं की अदम्य भावना और निःस्वार्थ योगदान का सम्मान करेगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं एवं दिव्यांग पूर्व सैनिकों का सम्मान एवं अभिनंदन करना है, साथ ही उनके लिए एक सुदृढ़ एवं संवेदनशील सहायता मंच उपलब्ध कराना है।
प्रवक्ता ने कहा कि स्पर्श, पेंशन, ईसीएचएस, सीएसडी एवं पुनर्वास से संबंधित विषयों के समाधान हेतु 40 से अधिक समर्पित शिकायत-निवारण काउंटर स्थापित किए जाएंगे, जो सेना की अपने विस्तारित परिवार के कल्याण के प्रति स्थायी प्रतिबद्धता को पुनः पुष्ट करेंगे। इसके अतिरिक्त नौ से अधिक विशेषज्ञ ओपीडी के माध्यम से व्यापक चिकित्सीय सहायता प्रदान की जाएगी, तथा कल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सेवा और सेवानिवृत्ति पश्चात रोजगार अवसरों पर केंद्रित जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित