अमृतसर , अक्टूबर 30 -- पंजाब में अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट ने नशा और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 पिस्तौल, चार कारतूस और 2.293 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। ये हैंडलर आपराधिक तत्वों तक आगे पहुंचाने के लिए अवैध हथियारों की आपूर्ति की व्यवस्था करते थे।
इस मामले में अमृतसर के थाना छेहरटा और थाना ए-डिवीजन में तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियां जोड़ने के साथ इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जांच कर रही है।
पंजाब पुलिस ने कहा कि अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क को खत्म करने तथा सुरक्षित एवं नशामुक्त पंजाब सुनिश्चित करने के लिए अभियान जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित