अमृतसर , अक्टूबर 09 -- पंजाब सरकार के नशा विरोधी अभियान 'युद्ध नशे के विरुद्ध' के तहत 11 अक्टूबर को अमृतसर में विशाल युवा दौड़ आयोजित की जाएगी।

आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने युवाओं सहित प्रदेश के लोगों से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

शुक्रवार को आप नेता गुरप्रताप सिंह संधू के साथ संवाददाता सम्मेलन में श्री धालीवाल ने कहा कि अभियान के तहत इससे पहले मोहाली, बठिंडा और जालंधर में हजारों युवाओं की भागीदारी वाली दौड़ आयोजित की गयीं, जिन्हें अच्छा जनसमर्थन मिला।

उन्होंने बताया कि अमृतसर में 11 अक्टूबर को सुबह छह बजे रंजीत एवेन्यू से युवा दौड़ शुरू होगी। इसमें अमृतसर के सभी विधायक, पार्टी के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में युवा हिस्सा लेंगे।

श्री धालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ रखने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है। इसी दिशा में 'खेडां वतन पंजाब दियां' खेल आयोजन शुरू किए गए हैं और इसका चौथा सत्र चल रहा है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य नई खेल प्रतिभाओं को सामने लाना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाब का नाम रोशन करना है।

श्री धालीवाल ने दावा किया कि राज्य सरकार नशे के खिलाफ शून्य-सहिष्णुता की नीति पर काम कर रही है। उनके अनुसार, नशा तस्करी में शामिल हजारों लोगों को जेल भेजा गया है और उनकी अवैध संपत्तियों तथा मकानों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने अमृतसर और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं से सुबह छह बजे रंजीत एवेन्यू पहुंचकर दौड़ में शामिल होने और नशामुक्त पंजाब के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित