अमृतसर , सितंबर 18 -- पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमृतसर के जठौल निवासी सहजप्रीत सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे एक तस्कर के संपर्क में था और उसके निर्देश पर आगे आपूर्ति के लिए हेरोइन की खेप प्राप्त करता था।
डीजीपी के अनुसार, सीआई अमृतसर की टीम को सूचना मिली थी कि सहजप्रीत सिंह ने अपने घर के पास ड्रोन के माध्यम से हेरोइन की एक बड़ी खेप प्राप्त की है और वह इसे किसी अन्य व्यक्ति तक पहुंचाने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध के घर पर छापा मारा और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। यह कार्रवाई दो दिन पहले सीमा पार नशीले पदार्थ तस्करी के एक अन्य मॉड्यूल का भंडाफोड़ किए जाने के बाद हुई है। उस मामले में सीआई अमृतसर ने चार लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 27 किलोग्राम हेरोइन और एक विदेशी निर्मित .30 बोर पीएक्स5 पिस्तौल तथा तीन कारतूस बरामद किये थे।
श्री यादव ने कहा कि ताजा मामले में आगे और पीछे के संपर्कों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस का उद्देश्य इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर सीमा पार से संचालित व्यापक मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित