अमृतसर , अक्टूबर 02 -- पंजाब में अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले दो नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 10 किलोग्राम हेरोइन और 10 अवैध पिस्तौल बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपियों के विदेश में बैठे तस्करों से कथित संबंध सामने आये हैं। आरोपी कथित तौर पर अवैध हथियार और मादक पदार्थ हासिल करने में शामिल थे।
इस संबंध में घरिंडा थाने में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तथा इसके आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थ और अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने तथा पंजाब को सुरक्षित एवं नशामुक्त राज्य बनाने के लिए अभियान जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित