अमृतसर , सितंबर 17 -- पंजाब सरकार के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के तत्वावधान में गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के दशमेश ऑडिटोरियम में 'हमारे राम' नाट्य एवं संगीत प्रस्तुति का दो दिवसीय आयोजन हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में दर्शकों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
रावण की भूमिका में अभिनेता आशुतोष राणा और श्रीराम की भूमिका में राहुल भुच्चर के अभिनय की दर्शकों ने सराहना की। शंकर महादेवन, सोनू निगम और कैलाश खेर की संगीत प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम को विशेष बनाया।
लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने गुरुवार को कहा कि पंजाब में 'हमारे राम' के कुल 41 शो आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम रामायण के कम चर्चित प्रसंगों और देश की सांस्कृतिक एवं साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मददगार हैं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं को भारतीय विरासत और परंपराओं से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। दर्शकों ने भी रामायण के कम चर्चित पहलुओं को आधुनिक नाट्य शैली में प्रस्तुत करने की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित