अमृतसर, जुलाई 14 -- पंजाब में अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियार और विस्फोटक तस्करी के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने उनके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, एक एके-47 राइफल, एक मॉडिफाइड एम-4 प्रकार का .30 बोर ऑटोमैटिक हथियार, एक विशेष रूप से मॉडिफाइड .30 बोर सेमी-ऑटोमैटिक हथियार तथा पांच मैगजीन बरामद की हैं।
श्री यादव ने कहा कि इस संबंध में घरिंडा थाना में आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि बरामद हथियारों और विस्फोटकों के स्रोत, इनके संभावित इस्तेमाल, तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान तथा पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में अवैध हथियारों की तस्करी पर रोक लगाने और शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित