अमृतसर , जुलाई 10 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार संचालित नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 8.378 किलोग्राम हेरोइन और दो लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी एक सीमा पार बैठे तस्कर के निर्देश पर काम कर रहे थे। उनका काम विभिन्न स्थानों से हेरोइन की खेप एकत्र कर उसे पंजाब के अलग-अलग इलाकों में आगे पहुंचाना था। इस मामले में अमृतसर के छेहरटा और इस्लामाबाद पुलिस थानों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है।

श्री यादव ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। जांच के दौरान तस्करी नेटवर्क की कड़ियों का पता लगाया जाएगा, सभी सहयोगियों की पहचान की जाएगी तथा पूरी आपूर्ति शृंखला को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

पंजाब पुलिस ने दोहराया कि वह सीमा पार से संचालित नशा तस्करी नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने और पंजाब को सुरक्षित एवं नशामुक्त राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित