अमृतसर , अगस्त 13 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े दो नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उनके कब्जे से सात अवैध पिस्तौल और 2.030 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरनतारन के गांव डल्ल निवासी परगट सिंह उर्फ पग्गा (30) और जनबर सिंह (20), अमृतसर ग्रामीण के गांव दोके निवासी बलविंदर सिंह उर्फ बिल्ला (30), अमृतसर के सरवरपुरा निवासी अमनदीप सिंह उर्फ अमन (37) तथा कोट आत्मा राम निवासी बलविंदर सिंह उर्फ काला (42) के रूप में हुई है। बरामद हथियारों में चीन निर्मित चार .30 बोर पिस्तौल और ऑस्ट्रिया निर्मित तीन 9 एमएम पिस्तौल शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों द्वारा आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।
श्री यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हथियार मामले में गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे और अमृतसर तथा तरनतारन क्षेत्र में आगे आपूर्ति के लिए अवैध हथियार हासिल कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विदेशी तस्करों से कथित संबंधों तथा पूरे तस्करी नेटवर्क की आगे-पीछे की कड़ियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
अमृतसर के पुलिस आयुक्त हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पहली कार्रवाई में विश्वसनीय सूचना के आधार पर परगट सिंह उर्फ पग्गा, जनबर सिंह और बलविंदर सिंह उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच अवैध पिस्तौल बरामद की गयीं। आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर दो और पिस्तौल बरामद की गयीं।
एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने विशेष सूचना के आधार पर अमनदीप सिंह उर्फ अमन और बलविंदर सिंह उर्फ काला को रोककर तलाशी ली, जिसके दौरान उनके कब्जे से 2.03 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है।
इस संबंध में अमृतसर के थाना इस्लामाबाद में आर्म्स एक्ट की धारा 25(8) के तहत एफआईआर 11 अगस्त 2026 तथा थाना सुल्तानविंड में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21-सी और 29 के तहत एफआईआर 10 अगस्त 2026 दर्ज की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित