अमृतसर , सितंबर 07 -- पंजाब में अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने सीमा पार मादक पदार्थ और अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उनके कब्जे से 15 अवैध पिस्तौल और पांच किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के रोरावाला खुर्द निवासी दीपक सिंह और वेरका-मजीठा बाईपास निवासी शुभप्रीत सिंह उर्फ शुभ के रूप में हुई है।

पुलिस महानिदेशक के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे और उनके निर्देश पर हथियारों तथा नशीले पदार्थों की खेप लेकर क्षेत्र में आगे सप्लाई करते थे। मामले में अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

सीमा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि घरिंडा थाने की पुलिस को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति अटारी क्षेत्र में अवैध पिस्तौल और हेरोइन की तस्करी में सक्रिय हैं। इसके बाद पुलिस ने अटारी-जबल रोड पर धुसी बांध टी-प्वाइंट के पास नाका लगाकर एक्टिवा सवार दोनों आरोपियों को रोका।

पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान एक्टिवा पर सवार शुभप्रीत सिंह और पीछे बैठे दीपक सिंह के कब्जे से 15 पिस्तौल और पांच किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।

अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मॉड्यूल से जुड़े दो अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गयी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

इस संबंध में घरिंडा थाने में छह सितंबर को प्राथमिकी संख्या 388 दर्ज की गयी है। पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं 21, 25 और 29 तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 25(8) के तहत मामला दर्ज किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित