अमृतसर , जुलाई 15 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित एक कथित आतंकवादी साजिश का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, एक 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल और चार कारतूस बरामद किये गये हैं।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इंस्टाग्राम के माध्यम से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े सीमा पार के हैंडलरों के संपर्क में था। उसे पुलिस प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाकर राज्य में शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने के निर्देश दिये जा रहे थे। इस संबंध में थाना कैंट, अमृतसर में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने, अन्य आरोपियों और विदेशी हैंडलरों की पहचान करने के लिए गहन जांच कर रही है।

श्री यादव ने कहा कि राज्य में सक्रिय सीमा पार आतंकी नेटवर्क को ध्वस्त करने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित