अमृतसर , मई 03 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सात अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद की हैं। इनमें दो ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल (ऑस्ट्रिया निर्मित), 4 .30 बोर पिस्तौल (चीन निर्मित) और एक अतिरिक्त .30 बोर पिस्तौल शामिल है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए पाकिस्तान आधारित तस्करों के संपर्क में थे और पंजाब में आपराधिक तत्वों के बीच आगे सप्लाई के लिए अवैध हथियारों की खेप प्राप्त कर रहे थे।
श्री यादव ने कहा कि अमृतसर के थाना कैंटोनमेंट में आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और इस नेटवर्क के संबंधों का पता लगाने तथा इसमें शामिल अन्य सहयोगियों की पहचान के लिए जांच जारी है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस अवैध हथियारों, सीमा पार तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ शून्य-सहनशीलता नीति के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित