अमृतसर , अप्रैल 22 -- पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम ) के पांच दिन तक आठ से 10 घंटे के कट लगाने को लेकर बवाल मचना शुरू हो गया है।

अमृतसर में बिजली कट से परेशान होकर लोग मंगलवार देर रात को बिजली घर में घुस गये। उन्होंने बिजली घर का गेट तोड़ दिया और खुद ही बिजली आपूर्ति चालू कर दी। कर्मचारियों ने रोकने की कोशिश की तो उनके साथ भी धक्कामुक्की की गयी।

कर्मचारियों ने कहा कि उच्च अधिकारियों के कहने पर बिजली कट लगाया था लेकिन लोगों ने उनकी बात नहीं मानी। इसके बाद फीडर से छेड़छाड़ कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गयी। ड्यूटी पर मौजूद मुलाजिम सुरिंदर सिंह ने बताया कि देर रात करीब 20 से 25 लोग बिजली घर में घुस आये। उन्होंने कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की, गाली-गलौज की। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना कंबो पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कट को लेकर बिगड़ते हालात के बीच पंजाब के बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- पीएसपीसीएल द्वारा घोषित नियोजित बिजली कटौती का उद्देश्य सिस्टम अपग्रेड के माध्यम से बिजली आपूर्ति में सुधार करना है। इससे होने वाली असुविधा के लिए खेद है, लेकिन ये सुधार लंबे समय में उपभोक्ताओं के लिए काफी लाभकारी साबित होंगे।

उल्लेखनीय है कि पीएसपीसीएल द्वारा जारी सूचना अनुसार पंजाब में 26 अप्रैल तक लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, बठिंडा और पटियाला में लंबे बिजली कट लगेंगे। इसके लिए पावरकॉम ने बिजली डिस्ट्रिब्यूशन में सुधार और मॉडर्नाइजेशन का हवाला दिया है। बिजली कट इसलिए चिंताजनक हैं कि पंजाब में लगातार गर्मी बढ़ रही है और मौसम विभाग ने तीन दिन के लिए हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के 21 जिलों में तापमान 35 पार हो चुका है।

सेहत विभाग ने भी एडवाइजरी जारी कर अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखते हुए स्पेशल वार्ड बनाने के साथ 24 घंटे स्टाफ तैनात करने को कहा है। ऐसे में बिजली कटों से हालात और बिगड़ सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित