अमृतसर , सितंबर 17 -- डायोसिस ऑफ अमृतसर, चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया (सीएनआई) की ओर से लिंग समानता, गरिमा और शांति को लेकर अमृतसर में कार्यशाला आयोजित की गयी।
डीट मेमोरियल रिसोर्स सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में पंजाब क्षेत्र के विभिन्न चर्चों से पादरियों, महिला नेताओं, युवाओं और डायोसिस कार्यालय के कर्मचारियों समेत करीब 100 लोगों ने हिस्सा लिया।
डायोसिस के जेंडर इक्वालिटी एंड एम्पावरमेंट प्रोजेक्ट ने गुरूवार को डायोसिस वुमन फेलोशिप फॉर क्रिश्चियन सर्विस के सहयोग से कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यक्रम में महिला हिंसा, लैंगिक पहचान और चर्च के जीवन में मसीह के मिशन जैसे विषयों पर चर्चा की गयी।
राष्ट्रीय चर्च परिषद की महिला सरोकार समिति की कार्यकारी सचिव रेव. ज्योति एस. सिंह ने कहा कि लैंगिक असमानता और महिलाओं के खिलाफ हिंसा का समाधान किए बिना स्थायी शांति संभव नहीं है। उन्होंने समान गरिमा, सम्मान, न्याय और शांति पर आधारित समावेशी समुदायों के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों ने समानता, गरिमा और सम्मान के सिद्धांतों पर आधारित समावेशी चर्च समुदायों के निर्माण के लिए काम करने का संकल्प लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित