अमृतसर , सितंबर 30 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले तीन नेटवर्क का भंडाफोड़ कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 पिस्तौल, 3.267 किलोग्राम हेरोइन और 22 कारतूस बरामद किये हैं।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की आपूर्ति में शामिल थे। इस संबंध में अमृतसर के डी-डिवीजन और छेहरटा थानों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं।

श्री यादव ने बताया कि मामले की आगे जांच की जा रही है। जांच का उद्देश्य इन नेटवर्क के पूरे आपराधिक संपर्कों का पता लगाने के साथ-साथ इसमें शामिल अन्य लोगों, जिनमें विदेश में बैठे संचालक भी शामिल हैं, की पहचान करना है। उन्होंने कहा कि राज्य में मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के नेटवर्क को ध्वस्त करने तथा पंजाब को सुरक्षित और नशामुक्त बनाने के लिए अभियान जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित