अमृतसर , मई 19 -- पंजाब में काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई), अमृतसर ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) समर्थित मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उनके कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड भी बरामद किये हैं।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजनाला के बाजीगर मोहल्ला निवासी अजय और अमृतसर के फत्तेवाल कलां निवासी जोधबीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद किये गये ग्रेनेड एक बड़ी साजिश का हिस्सा थे, जिनका इस्तेमाल पंजाब में सरकारी संस्थानों और इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाकर शांति एवं कानून व्यवस्था को प्रभावित करने के लिए किया जाना था।

उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि विदेश में बैठे हैंडलरों ने अपने सहयोगियों को हैंड ग्रेनेड उपलब्ध करवाये हैं और उन्हें अमृतसर के लोहारका रोड क्षेत्र में एक अन्य सहयोगी के संपर्क में आने के निर्देश दिये गये थे। सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने नाका लगाकर अजय और जोधबीर सिंह को रोक लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड बरामद किये गये।

पुलिस के अनुसार मामले में संपर्क खंगालने के लिए जांच जारी है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित