अमृतसर , जून 28 -- आम आदमी पार्टी (आप ) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को घोषणा की कि पंजाब की भगवंत मान सरकार ने अमृतसर स्थित भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल के निकट भगवान लव-कुश और माता जानकी का भव्य एवं दिव्य मंदिर बनाने का सिद्धांततः फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का विस्तृत खाका जल्द सार्वजनिक किया जाएगा।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्री केजरीवाल ने कहा कि अमृतसर विश्व की सबसे पवित्र धरती है, जहां सभी धर्मों के लोग आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं और विभिन्न धर्मों के प्रमुख धार्मिक स्थल मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि अमृतसर में श्री दरबार साहिब, दुर्गियाना मंदिर, जलियांवाला बाग, वाघा सीमा और भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल स्थित हैं। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि ने इसी स्थान पर रामायण की रचना की थी। माता सीता ने भी वाल्मीकि आश्रम में निवास किया था तथा यहीं लव-कुश का जन्म हुआ और उन्होंने शिक्षा प्राप्त की।

श्री केजरीवाल ने कहा कि रामायण के अनुसार भगवान श्रीराम के अश्वमेध यज्ञ के दौरान छोड़े गए घोड़े को लव-कुश ने इसी पवित्र भूमि पर रोककर एक पेड़ से बांध दिया था। यही कारण है कि यह स्थान हिंदू समाज और विशेष रूप से वाल्मीकि समाज के लिए अत्यंत श्रद्धा का केंद्र है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित भव्य लव-कुश एवं माता जानकी मंदिर भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल के साथ ही बनाया जाएगा। फिलहाल सरकार ने इस परियोजना को सिद्धांततः मंजूरी दे दी है और इसके निर्माण की विस्तृत योजना तैयार की जा रही है।

श्री केजरीवाल ने कहा कि जैसे-जैसे परियोजना आगे बढ़ेगी, सरकार समय-समय पर इसकी प्रगति और अन्य जानकारियां सार्वजनिक करती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित