अमृतसर , जुलाई 15 -- पंजाब पुलिस ने अमृतसर में एक बड़ी सीमा पार आतंकवादी साजिश को नाकाम करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, चार कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित कुमार उर्फ पंडित (24) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से रूपनगर जिले के सुखसाल गांव का रहने वाला है और वर्तमान में अमृतसर के पंडोरी वराइच इलाके में रह रहा था।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इंस्टाग्राम के माध्यम से सीमा पार आईएसआई हैंडलरों के संपर्क में था। उसे पंजाब में शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने के उद्देश्य से पुलिस प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाने के निर्देश दिये जा रहे थे। मामले में पूरे नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की पहचान के लिए जांच जारी है।

अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि विश्वसनीय खुफिया सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से पहले एक ग्लॉक पिस्तौल और चार कारतूस बरामद किये गये। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी के खुलासे के आधार पर पुलिस ने एक हैंड ग्रेनेड भी बरामद किया, जिससे उसके सीमा पार आतंकवादी नेटवर्क से जुड़े होने की पुष्टि हुई और एक बड़ी साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है। इस संबंध में अमृतसर के कैंट थाना में शस्त्र अधिनियम की धारा 25(6,7,8), भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 113 तथा विस्फोटक अधिनियम की धाराओं 4 और 5 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित