अमृतसर , अगस्त 16 -- पंजाब पुलिस ने अमृतसर में पुलिस प्रतिष्ठान को निशाना बनाकर किए जाने वाले संभावित आतंकी हमले की साजिश को नाकाम करते हुए 690 ग्राम वजन का एक आईईडी बरामद किया है। आईईडी के साथ इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और लोहे का बॉक्स भी बरामद हुआ है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि बरामद विस्फोटक सामग्री को निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत संभाला गया और बम निरोधक दस्ते ने इसे सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया। उन्होंने कहा कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने राष्ट्रविरोधी तत्वों की साजिश को विफल कर सार्वजनिक सुरक्षा के लिए पैदा होने वाले संभावित खतरे को टाल दिया है।

डीजीपी ने कहा कि मामले की आगे जांच की जा रही है और साजिश के पीछे शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पहले से ही नाकाबंदी बढ़ाने के साथ-साथ सरकारी प्रतिष्ठानों की निगरानी भी कड़ी की गई थी। उन्होंने बताया कि 15-16 अगस्त की मध्यरात्रि को एएसआई कुलबीर सिंह रात की गश्त पर थे। इस दौरान पुलिस चौकी गग्गोमहल के अधिकार क्षेत्र में एक संदिग्ध काले रंग का मोम से लिपटा पैकेट पड़ा मिला। जांच करने पर पैकेट में संदिग्ध आईईडी के अलावा इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और लोहे का बॉक्स पाया गया।

एसएसपी ने बताया कि सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। दस्ते ने विस्फोटक सामग्री को मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया, जबकि अन्य सामान को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

इस संबंध में अमृतसर ग्रामीण के थाना रामदास में एफआईआर संख्या 162, दिनांक 16 अगस्त 2026, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस साजिश में शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित