अमृतसर , अक्टूबर 03 -- पंजाब में अमृतसर नगर निगम ने झब्बाल रोड पर पशु अस्पताल एवं गौशाला शुरू की है,जहां चरणबद्ध तरीके से करीब 400 बेसहारा पशुओं की देखभाल की जाएगी।
केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ अजय गुप्ता और दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ इंदरबीर सिंह निज्जर ने शनिवार को इसका उद्घाटन किया।
नगर निगम के अनुसार, करीब दो एकड़ क्षेत्र में तैयार इस केंद्र में पशुओं के रहने के साथ उनके उपचार की भी व्यवस्था की गयी है। एक पशु चिकित्सक और आवश्यक स्टाफ तैनात किया गया है।
डॉ गुप्ता ने बताया कि नगर निगम की टीमों ने अब तक सड़कों और सार्वजनिक स्थानों से करीब 60 बेसहारा पशुओं को पकड़कर गौशाला में स्थानांतरित किया है। उन्होंने कहा कि आगे भी शहर के विभिन्न इलाकों से बेसहारा पशुओं को यहांलाया जाएगा।
डॉ. निज्जर ने कहा कि गौशाला में पशुओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी और जरूरत पड़ने पर उपचार की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि इससे सड़कों पर बेसहारा पशुओं के कारण होने वाली समस्याओं को कम करने के साथ उनके लिए सुरक्षित स्थान और बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
दोनों विधायकों ने नगर निगम अधिकारियों को पशुओं के स्वास्थ्य, साफ-सफाई, चारे और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित