अमृतसर , सितंबर 15 -- पंजाब में अमृतसर की पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले तीन नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 9.549 किलोग्राम हेरोइन, 5.459 किलोग्राम अफीम और एक अवैध .30 बोर पिस्तौल बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे और ड्रोन के माध्यम से हेरोइन, अफीम तथा अवैध हथियारों की खेप हासिल कर आगे आपूर्ति करते थे। पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों के बारे में भी जानकारी हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर की इंदिरा कॉलोनी निवासी राजिंदर सिंह (27), गवाल मंडी निवासी विनय (26), अमृतसर के गांव वरनाली हरसा छीना निवासी प्रदीप सिंह (37), अटारी निवासी करन सिंह उर्फ करन (24), नवनीत उर्फ कीड़ा (18), जसनदीप सिंह उर्फ धुन्नी (19), बाबा बूढ़ा सिंह कॉलोनी निवासी बलजिंदर सिंह (37) तथा अमृतसर ग्रामीण के गांव बोपाराय बाज सिंह निवासी अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत (25) के रूप में हुई है।

पुलिस आयुक्त अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पहली कार्रवाई में विशेष सूचना के आधार पर राजिंदर सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से .30 बोर की पिस्तौल बरामद की गयी। पूछताछ के दौरान उसके सहयोगी विनय को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से 4.2 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। विनय की निशानदेही पर प्रदीप सिंह को गिरफ्तार कर उसके पास से 1.2 किलोग्राम अतिरिक्त अफीम बरामद की गयी।दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर करन सिंह उर्फ करन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सात किलोग्राम हेरोइन बरामद की। जांच के दौरान उसके सहयोगी नवनीत सिंह उर्फ कीड़ा और जसनदीप सिंह उर्फ धुन्नी को भी गिरफ्तार किया गया। तीसरी कार्रवाई में पुलिस ने विशेष सूचना के आधार पर बलजिंदर सिंह और अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 2.5 किलोग्राम हेरोइन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गयी।

पुलिस के अनुसार इन मामलों में अमृतसर के कैंटोनमेंट थाने में शस्त्र अधिनियम और एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

डीजीपी ने कहा कि मामलों की आगे की जांच जारी है। पुलिस का उद्देश्य तस्करी नेटवर्क के आगे और पीछे के संपर्कों का पता लगाना, इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करना और नशे तथा अवैध हथियारों की तस्करी के व्यापक नेटवर्क को ध्वस्त करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित