अमृतसर , मई 3 -- पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच सीमा पार नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने एक नशा तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इसके तीन संचालकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12 किलो हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरजंत सिंह निवासी गांव सकात्रा, जिला तरनतारन; अरविंदर सिंह और जशनप्रीत सिंह, दोनों निवासी गांव बुग्गा, जिला तरनतारन के रूप में हुई है। नशीला पदार्थ बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने खेप ले जाने में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की हीरो मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी गुरजंत सिंह पाकिस्तान आधारित तस्कर के संपर्क में था। गुरजंत अपने गांव के आसपास सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन की खेप प्राप्त करता था और बाद में पाकिस्तान स्थित तस्कर के निर्देशानुसार उसे अपने साथियों अरविंदर सिंह और जशनप्रीत सिंह तक पहुंचाता था।

अभियान संबंधी जानकारी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि विशेष सूचना मिली थी कि गुरजंत सिंह ने ड्रोन के जरिए भारी खेप प्राप्त की है और वह इसे अपने साथियों तक पहुंचाने जा रहा है। इस सूचना पर अमृतसर की पुलिस टीमों ने अमृतसर-चबाल रोड पर टोल प्लाजा के पास विशेष नाके लगाए। टीमों ने तीनों आरोपियों को रोककर तलाशी ली, जिसमें 12 किलो हेरोइन बरामद हुई।

डीजीपी ने कहा कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। इस संबंध में थाना राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ, अमृतसर में एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं 21, 25 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित