अमृतसर , अगस्त 10 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा-पार नशा और अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले दो प्रमुख नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अवैध पिस्तौल, 1.054 किलोग्राम हेरोइन और पांच कारतूस बरामद किये हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। ये विदेशी तस्कर अंतरराष्ट्रीय सीमा के जरिए अवैध हथियारों और हेरोइन की आपूर्ति कराने में कथित तौर पर मदद कर रहे थे। पुलिस ने इस संबंध में अमृतसर के थाना कैंटोनमेंट और थाना डी-डिवीजन में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। श्री यादव ने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है। जांच के दौरान तस्करी नेटवर्क की पूरी फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक का पता लगाने, विदेश स्थित हैंडलरों से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने तथा सीमा-पार तस्करी के व्यापक नेटवर्क को उजागर करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सीमा-पार नशे और अवैध हथियारों के नेटवर्क को खत्म करने तथा पंजाब को सुरक्षित, संरक्षित और नशामुक्त राज्य बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित