चंडीगढ़ , जुलाई 23 -- पंजाब पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने दो अलग-अलग अभियानों में दो अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 6.582 किलोग्राम हेरोइन तथा 9.90 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि दोनों कार्रवाई अलग-अलग ऑपरेशनों के दौरान की गयी। इस संबंध में अजनाला और ब्यास थाना में मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गयी हैं।
पंजाब पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। जांच के दौरान तस्करी नेटवर्क के आगे और पीछे के सभी लिंक खंगाले जा रहे हैं, इसमें शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है तथा पूरी आपूर्ति शृंखला को ध्वस्त करने के लिए कार्रवाई की जाएगी।
पंजाब पुलिस ने दोहराया कि राज्य में नशा तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने और पंजाब को सुरक्षित एवं नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित