अमृतसर , मई 18 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.1 किलोग्राम हेरोइन और सात अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद की हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान खुश कुमार उर्फ भोला (26) निवासी गुरवाली गेट, अमृतसर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और स्नैचिंग के कई मामले दर्ज हैं। बरामद हथियारों में एक 9एमएम ग्लेडिएटर पिस्तौल (तुर्की निर्मित), एक 9एमएम जिगाना एक्स-शॉट, एक .30 बोर ब्रेटा (इटली निर्मित), एक .30 बोर जिगाना (चीन निर्मित), एक .30 बोर पिस्तौल (ऑस्ट्रिया निर्मित), एक .30 बोर पिस्तौल (चीन निर्मित) और एक अन्य .30 बोर पिस्तौल शामिल है।
श्री यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेशी तस्करों के संपर्क में था और वर्चुअल नंबरों के जरिए उनसे बातचीत करता था। पाकिस्तान सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से हेरोइन और हथियारों की खेप भेजी जाती थी, जिन्हें आरोपी आगे अपराधियों तक पहुंचाता था। उन्होंने कहा कि पुलिस अब इस नेटवर्क के सभी संपर्क खंगालने में जुटी हुई है, ताकि इसमें शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर चलाये गये विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने खुश उर्फ भोला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.1 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। आरोपी से लगातार पूछताछ के बाद सात पिस्टल भी बरामद की गयीं।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि बरामद हथियारों को आपराधिक गतिविधियों के लिए अपराधियों तक पहुंचाया जाना था। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने हालांकि समय रहते आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी वारदातों को टाल दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित