अमृतसर , सितंबर 18 -- पंजाब के अमृतसर में गुरुवार देर रात ड्यूटी के दौरान अज्ञात हमलावरों ने पंजाब पुलिस के एएसआई हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। वह थाना गेट हकीमां में तैनात थे और रात करीब 2:30 बजे दाना मंडी के पास मोटरसाइकिल से गश्त कर रहे थे। इसी दौरान हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं।

गंभीर रूप से घायल एएसआई को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और संबंधित थाने की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने हमलावरों की पहचान और वारदात के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है तथा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एएसआई हरजीत सिंह के परिवार को सरकार की ओर से एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। एचडीएफसी बैंक की ओर से परिवार को एक करोड़ रुपये का अतिरिक्त बीमा भुगतान किया जाएगा।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि शहीद पुलिसकर्मी को पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। मुख्यमंत्री और डीजीपी ने एएसआई की ड्यूटी के दौरान दी गई शहादत को नमन करते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित