चंडीगढ़ , सितंबर 18 -- पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अमृतसर में ड्यूटी के दौरान पंजाब पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) हरजीत सिंह की हत्या और इसके कुछ ही घंटों के भीतर युवक साहिलप्रीत सिंह की हत्या की निंदा करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाये हैं।

श्री वड़िंग ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी को निशाना बनाकर उसकी हत्या किया जाना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि जब पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ''आज पंजाब में कोई सुरक्षित नहीं है। अगर ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी का पीछा कर उसे गोली मारकर हत्या की जा सकती है, तो आम नागरिक किस तरह की सुरक्षा की उम्मीद कर सकता है?'' उन्होंने एएसआई हरजीत सिंह की हत्या को विशेष रूप से चिंताजनक बताया, क्योंकि वह ड्यूटी निभा रहे एक सेवारत पुलिस अधिकारी थे।

श्री वड़िंग ने आरोप लगाया कि अमृतसर में हुई दोनों हत्याओं को अलग-अलग घटनाओं के रूप में नहीं देखा जा सकता। उनके अनुसार, पुलिसकर्मियों पर लगातार हमले, गोलीबारी और आपराधिक घटनाएं आम आदमी पार्टी सरकार की कानून-व्यवस्था संभालने में विफलता को दर्शाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में गैंगस्टरों और अपराधियों का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को राजनीतिक स्थान और वैधता मिलने से समाज में गलत संदेश जाता है तथा पुलिस बल का मनोबल प्रभावित होता है।

श्री वड़िंग ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पर हाल में करीब 50 मामलों में दर्ज एक कथित कुख्यात गैंगस्टर को व्यक्तिगत रूप से आम आदमी पार्टी में शामिल कराने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं के बीच सरकार को राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित