अमृतसर , मार्च 14 -- पंजाब में अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने आईएसआई प्रायोजित आतंक और सीमा पार हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक एके-47 राइफल, दो मैगजीन, 36 कारतूस और तीन अन्य अत्याधुनिक हथियार बरामद किये गये हैं।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को यहां बताया कि गिरफ्तार किये गये व्यक्तियों की पहचान अमृतसर के अटारी स्थित न्यू आबादी निवासी गुरसेवक सिंह उर्फ सूरज और अमृतसर के छेहर्टा स्थित सुभाष रोड निवासी अमरजीत सिंह उर्फ रोहित के रूप में हुई है। एके-47 राइफल के अलावा, पुलिस टीमों ने उनके कब्जे से तीन अत्याधुनिक 9एमएम ग्लॉक पिस्तौल भी बरामद की हैं।
श्री यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में थे। उन्होंने बताया कि यह मॉड्यूल युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और भारत-विरोधी और पुलिस-विरोधी दुष्प्रचार फैलाने में भी शामिल था। उन्होंने कहा कि इस मामले में पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगे और पीछे के संबंधों को स्थापित करने के लिए गहन जांच जारी है।
ऑपरेशन का विवरण साझा करते हुए अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुहैल कासिम मीर ने बताया कि एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, थाना घरिंडा की टीमों ने गांव मुहावा से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियारों की खेप बरामद हुई, जिसमें एके-47, गोला-बारूद और तीन ग्लॉक पिस्तौल शामिल थे।
श्री मीर ने बताया कि जांच में खुलासा हुआ है कि हथियारों की यह खेप विदेशी हैंडलर्स द्वारा पंजाब में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए पाकिस्तान के रास्ते भेजी गयी थी।
इस संबंध में थाना घरिंडा में आर्म्स एक्ट और गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित