अमृतसर , अगस्त 04 -- पंजाब पुलिस ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत राज्यको सुरक्षित बनाने के अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित दो सीमा पार आतंकवादी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चार नाबालिगों सहित नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल, नौ कारतूस और चार पेट्रोल बम बरामद किये हैं। इसके अलावा अपराध में इस्तेमाल की जा रही एक चोरी की मोटरसाइकिल भी जब्त की गयी है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरनतारन के पट्टी निवासी वंश कुमार (19) और अनमोल सिंह उर्फ साहिल (20), अमृतसर के गांव झांझोटी निवासी हरमन सिंह उर्फ हम्मू (24) और सुखदेव सिंह (30), गांव जोठ निवासी सुखमन सिंह (19) तथा चार नाबालिगों के रूप में हुई है।

पुलिस महानिदेशक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे आईएसआई हैंडलरों के इशारे पर काम कर रहे थे। उनका उद्देश्य स्थानीय युवाओं की भर्ती कर आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देना, सुरक्षा प्रतिष्ठानों की रेकी करना, अवैध हथियारों की व्यवस्था करना और राज्य में अशांति फैलाना था। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान रेलवे ट्रैक के निकट निगरानी कैमरे लगाये जाने का भी खुलासा हुआ है। इन कैमरों की फुटेज कथित तौर पर विदेशी हैंडलरों को भेजी जा रही थी। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों, वित्तीय लेन-देन तथा अन्य आतंकवादी गतिविधियों से संबंधों की जांच कर रही है।

अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने वंश कुमार और उसके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से .32 बोर की एक देसी पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किये। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अनमोल सिंह उर्फ साहिल को भी गिरफ्तार किया, जिसने कथित तौर पर हथियार उपलब्ध कराया था।

उन्होंने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि रेलवे ट्रैक के पास निगरानी कैमरे लगाने के लिए भुगतान सेंट्रल जेल अमृतसर में बंद सुखदेव सिंह ने जेल में बंद हरमन सिंह उर्फ हम्मू के कहने पर पेटीएम के माध्यम से किया था। दोनों आरोपियों को पेशी वारंट पर लाकर इस मामले में औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी अनमोल सिंह तथा रेलवे ट्रैक के पास लगाये गये सीसीटीवी कैमरों से जुड़े मामले की आगे की जांच के लिए इन्हें सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) के हवाले किया गया है।

पुलिस के अनुसार सुखदेव सिंह और हरमन सिंह पहले भी राजासांसी थाने में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में वांछित हैं, जिसमें उनके कब्जे से चार ग्लॉक पिस्तौल बरामद की गयी थीं।

एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने विशेष सूचना के आधार पर दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से .32 बोर की एक देसी पिस्तौल, दो पेट्रोल बम और एक लाइटर बरामद किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने सुखमन सिंह और एक अन्य नाबालिग के साथ मिलकर साजिश रचने का खुलासा किया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो और पेट्रोल बम तथा .30 बोर की एक पिस्तौल बरामद की गयी।

इस संबंध में मोहकमपुरा, एयरपोर्ट और सी-डिवीजन पुलिस थानों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत तीन अलग-अलग मामले दर्ज किये गये हैं। पुलिस ने कहा कि पूरे आतंकवादी नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित