अमृतसर , मार्च 06 -- पंजाब में अमृतसर आयुक्तालय पुलिस ने शुक्रवार को सीमा पार से संचालित होने वाले एक अवैध हथियार मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि पुलिस ने इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एक किशोर को पकड़ा है। पुलिस ने इनके पास से पांच अत्याधुनिक पिस्तौल , 34 कारतूस और एक तेजधार हथियार बरामद किया है।
डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान स्थित हथियार तस्करों के संपर्क में थे और हथियारों की खेप का समन्वय कर उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में वितरित कर रहे थे। इस मामले में अमृतसर के थाना मकबूलपुरा में शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने और इसके अगले-पिछले संपर्कों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित