अमृतसर , अक्टूबर 27 -- पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने अमृतसर में सीमा पार से हथियारों की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
उनके कब्जे से .30 बोर की 10 विदेशी पिस्तौल और मैगजीन बरामद की गई हैं। हथियारों की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के सिंहो की गांव निवासी दलजीत सिंह और गुरजंत सिंह तथा निसोके गांव निवासी अर्शदीप सिंह के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी विदेश में बैठे एक संचालक के संपर्क में थे, जो पुलिस की निगरानी से बचने के लिए एन्क्रिप्टेड संचार माध्यमों का इस्तेमाल करता था और अवैध हथियारों की खेप पहुंचाने में उनकी मदद कर रहा था। इन हथियारों को संगठित नेटवर्क के जरिये आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जाना था।
पुलिस महानिदेशक के मुताबिक, काउंटर इंटेलिजेंस टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी रामदास सेक्टर में ड्रोन के जरिये गिराई गई हथियारों की खेप उठाकर काली मोटरसाइकिल से वेरका बाईपास की ओर जा रहे हैं। टीम ने फतेहगढ़ शुकर्चक अंडरपास के पास उन्हें रोककर तलाशी ली, जिसमें 10 विदेशी पिस्तौल और मैगजीन बरामद हुईं।
मामले के सभी संपर्कों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में 27 अक्टूबर को शस्त्र अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित