अमृतसर , सितंबर 22 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छह नेटवर्क का भंडाफोड़ कर आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 अवैध पिस्तौल और 23 कारतूस बरामद किए हैं।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपियों के विदेश में बैठे हथियार तस्करों से कथित संबंध सामने आए हैं। आरोप है कि वे अवैध हथियार आगे आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल और वितरण के लिए हासिल करते थे। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल एक एक्टिवा स्कूटर भी जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरदीप सिंह उर्फ दीप, धर्मिंदर सिंह उर्फ भिंदा, अमित, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी निआना, चमकौर सिंह, करणप्रीत सिंह, गौरव और वरुण कुमार उर्फ विक्की गिल के रूप में हुई है। बरामद हथियारों में तुर्किये निर्मित दो .30 बोर जिगाना पिस्तौल, चीन निर्मित दो .30 बोर पिस्तौल, एक 9 एमएम और आठ अन्य .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं।

पुलिस आयुक्त हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी अलग-अलग अभियानों और नाकाबंदी के दौरान की गई। इस संबंध में अमृतसर के छेहर्टा, गेट हकीमां, सुल्तानविंड और डी-डिवीजन थानों में शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत छह मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस मामले की आगे की कड़ियों की जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित