अमृतसर , अक्टूबर 13 -- पंजाब में अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के समर्थन से संचालित कथित अवैध हथियार और विस्फोटक आपूर्ति नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक पिस्तौल और एक हथगोला बरामद किया है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में इस गिरोह के विदेशी ठिकानों से सक्रिय तस्करों और आईएसआई से जुड़े लोगों के साथ कथित संबंध सामने आए हैं। पुलिस नेटवर्क की पूरी जानकारी जुटाने और इसके आगे-पीछे के संपर्कों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
पुलिस ने मई 2026 में अमृतसर के खासा सैन्य छावनी के पास हुए तात्कालिक विस्फोटक उपकरण (आईईडी) विस्फोट का मामला भी सुलझाने का दावा किया है। इस मामले में कथित रूप से शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, घरिंडा थाने में संबंधित धाराओं के तहत शस्त्र अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, आईईडी विस्फोट के मामले में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की संबंधित धाराएं लगायी गयी हैं।
पंजाब पुलिस ने कहा कि अवैध हथियारों की तस्करी, आतंकवाद से जुड़े नेटवर्क और संगठित अपराध के खिलाफ निगरानी तथा कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित