अमृतसर , अक्टूबर 26 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले दो नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दो नाबालिगों समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16 पिस्तौल और सात कारतूस बरामद किये हैं।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरनतारन जिले के नौशहरा ढाला निवासी अनमोल सिंह उर्फ मोहला (19) और छेला निवासी हरदीप सिंह उर्फ शिव (18) के रूप में हुई है। इनके साथ दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने एक स्कूटर भी जब्त किया है। बरामद हथियारों में तीन नौ एमएम ग्लॉक पिस्तौल, चीन निर्मित एक .30 बोर पिस्तौल, एक .30 बोर एक्स-शॉट, एक .30 बोर पीएक्स-5 स्टॉर्म, नौ अन्य .30 बोर पिस्तौल और एक देसी .32 बोर पिस्तौल शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे एक संचालक के संपर्क में थे, जो अवैध हथियारों की खेप उपलब्ध कराने में मदद करता था। इन हथियारों को संगठित नेटवर्क के जरिए आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जा रहा था। पुलिस पूरे नेटवर्क और हथियारों की आपूर्ति से जुड़े आगे-पीछे के संपर्कों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।

अमृतसर के पुलिस आयुक्त हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पहली कार्रवाई में कैंटोनमेंट थाना क्षेत्र के तहत एक नाबालिग को स्कूटर पर जाते समय रोककर उसके कब्जे से छह पिस्तौल और सात कारतूस बरामद किये गये।

दूसरी कार्रवाई में गेट हकीमा थाना पुलिस ने अनमोल सिंह उर्फ मोहला और उसके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर पांच .30 बोर पिस्तौल बरामद कीं। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने हरदीप सिंह उर्फ शिव को भी गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से पांच और पिस्तौल बरामद कीं। इस कार्रवाई में कुल 10 पिस्तौल जब्त की गयी।

पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित