अमृतसर , अप्रैल 30 -- पंजाब के अमृतसर में पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग व हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो अलग अलग स्थलों से दस किलोग्राम से अधिक हेरोइन, चार अत्याधुनिक पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि विशेष सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस ने अमृतसर-जालंधर हाईवे पर अड्डा मनावाला के पास से छह किलोग्राम हेरोइन बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दुबई स्थित हैंडलर के इशारे पर काम कर रहा था। इस हैंडलर की पहचान अंतरप्रीत सिंह (सुल्तानविंड) के रूप में हुई है, जो नशा तस्करी में शामिल है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए आगे की जांच जारी है।

डीजीपी यादव ने बताया कि अमृतसर में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस ने सीमा पार से संचालित ड्रग और हथियार तस्करी मॉड्यूल को ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.108 किलोग्राम हेरोइन, चार अत्याधुनिक पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित