अमृतसर , मई 27 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से आठ अत्याधुनिक पिस्तौल और कारतूस बरामद किये हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरु की वडाली निवासी अरशदीप सिंह उर्फ डी (21), गांव भैणी निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्न (26), तरनतारन के गांव नौशहरा ढल्ला निवासी सुखराज सिंह उर्फ बिल्ला (29), भिखीविंड निवासी राहुल गिल उर्फ राहुल (22) और गांव लोहके निवासी अरशदीप सिंह उर्फ गागरह (25) के रूप में हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास, अपहरण और प्रिजन एक्ट सहित विभिन्न मामलों में केस दर्ज हैं। बरामद हथियारों में एक 9 एमएम जिगाना, एक .30 बोर पी एक्स 3 (चीन निर्मित), एक .30 बोर बेरेटा (इटली निर्मित), तीन 9 एमएम ग्लॉक और दो .32 बोर पिस्तौल शामिल हैं।
श्री यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी वर्चुअल नंबरों के जरिए विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। यह मॉड्यूल ड्रोन के माध्यम से पाकिस्तान सीमा पार से हथियार और नशीले पदार्थ मंगवाकर पंजाब में आपराधिक तत्वों तक पहुंचाता था। उन्होंने कहा कि मामले में सभी के नेटवर्क की जांच की जा रही है, ताकि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले राहुल गिल को गिरफ्तार कर उसके पास से दो पिस्तौल बरामद किये। राहुल की निशानदेही पर अरशदीप उर्फ गागरह को गिरफ्तार कर उसके पास से एक ग्लॉक पिस्तौल बरामद की गयी।
जांच के दौरान पुलिस ने छेहरटा इलाके में मोटरसाइकिल पर जा रहे अरशदीप उर्फ डी और मनप्रीत उर्फ मन्न को भी गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दो पिस्तौल बरामद हुए, जबकि उनकी निशानदेही पर दो अन्य हथियार बरामद किये गये। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि हथियार सुखराज सिंह उर्फ बिल्ला से खरीदे गए थे। इसके बाद पुलिस ने सुखराज को गिरफ्तार कर उसके पास से एक .30 बोर बेरेटा पिस्तौल बरामद की।
इस संबंध में थाना छेहरटा, अमृतसर में आर्म्स एक्ट के तहत दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गयी हैं और मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित