अमृतसर , जुलाई 23 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित अवैध हथियार और मादक पदार्थ तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उनके कब्जे से छह अत्याधुनिक पिस्तौल, एक किलोग्राम हेरोइन, एक किलोग्राम अफीम तथा 10 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जोगा सिंह (45) निवासी गांव दल, जिला तरनतारन और मनप्रीत सिंह (28) निवासी गांव काली, जिला तरनतारन के रूप में हुई है। बरामद हथियारों में दो .30 बोर एक्स-शॉट पिस्तौल, दो .30 बोर मेड इन चाइना पिस्तौल, एक .30 बोर तुर्किये जिगाना तथा एक .30 बोर पीएक्स-5 स्टॉर्म पिस्तौल शामिल हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही उनकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी एक विदेश मेंबैठे हैंडलर के सीधे संपर्क में थे, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार से अवैध हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी करवाकर उन्हें अपराधियों तक पहुंचाने का काम करता था। पूरे नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले जोगा सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चार अवैध .30 बोर पिस्तौल बरामद किये। पूछताछ के दौरान उसके खुलासे पर दो और पिस्तौल बरामद किये गये। इसके बाद की कार्रवाई में पुलिस ने मनप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर उसके पास से एक किलोग्राम हेरोइन बरामद की। बाद में उसकी निशानदेही पर एक किलोग्राम अफीम और 10 हजार रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की गयी। पुलिस जांच में पता चला है कि जोगा सिंह अवैध हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क चला रहा था, जबकि मनप्रीत सिंह उसी विदेशी हैंडलर के निर्देश पर सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था। श्री भुल्लर ने बताया कि जोगा सिंह एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ वर्ष 2002 से अब तक हत्या, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, चोरी, डकैती और लूट जैसे मामलों में 21 आपराधिक मामले तरनतारन, अमृतसर ग्रामीण, कपूरथला और लुधियाना ग्रामीण में दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में भी जोगा सिंह के खिलाफ थाना खालड़ा में एक मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वह अपने साथी के साथ रावी नदी के पार से ड्रग्स की खेप लाने की कोशिश कर रहा था। उस दौरान उसका साथी नदी पार करते समय डूब गया था।
इस संबंध में थाना छेहरटा में आर्म्स एक्ट तथा थाना कैंटोनमेंट में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किये गये हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और विदेशी हैंडलर तक पहुंचने के लिए जांच में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित