अमृतसर , अगस्त 18 -- पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश उत्सव को समर्पित अमृतसर जिले में 6.50 लाख पौधे लगाने का विशेष अभियान तेजी से चल रहा है। जिले में विभिन्न सरकारी विभागों और सामाजिक सेवा संगठनों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाए जा रहे हैं। इस अभियान में बच्चे और बुजुर्ग भी विशेष योगदान दे रहे हैं।
उपायुक्त दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि श्री गुरु रविदास ने पूरी मानवता को समानता, निस्वार्थ सेवा और प्रकृति से प्रेम का संदेश दिया था। उनके 650वें प्रकाश उत्सव को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए जिला प्रशासन ने पूरे जिले में 6.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए सभी सरकारी विभाग और सामाजिक सेवा संगठन मिलकर काम कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि गांवों की साझा भूमि और शामलात भूमि, शहरी पार्कों, सरकारी एवं निजी स्कूलों तथा कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, सड़कों के किनारे, नहरों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार चलाए जा रहे इस अभियान में बच्चों और बुजुर्गों की भागीदारी भी उत्साहजनक है।
उपायुक्त ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी उचित देखभाल कर उन्हें पूर्ण विकसित पेड़ों में बदलना भी है। उन्होंने कहा कि जिन विभागों या संगठनों को पौधे दिए जा रहे हैं, उनकी देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी संबंधित विभाग या संगठन की होगी। उन्होंने स्कूल विद्यार्थियों, ग्राम पंचायतों, सामाजिक सेवा संगठनों, क्लबों और आम लोगों से पर्यावरण हितैषी इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी उचित देखभाल सुनिश्चित करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
श्री सिंह ने कहा कि यह पहल श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को व्यवहार में उतारने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि वन विभाग आवश्यकता के अनुसार सभी सरकारी विभागों और सामाजिक सेवा संगठनों को पौधे निःशुल्क उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित