रूपनगर , मई 06 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राज्य को चुनावों से पहले डर और हिंसा की प्रयोगशाला बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अमृतसर और जालंधर में हालिया बम धमाके भाजपा की सुनियोजित साजिश का हिस्सा हैं, जिनका उद्देश्य राज्य को अस्थिर करना है।

'शुकराना यात्रा' के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल की तर्ज पर पंजाब में भी अशांति फैलाने की कोशिश कर रही है, लेकिन पंजाब के लोग राजनीतिक रूप से जागरूक हैं और ऐसी साजिशों के खिलाफ एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि हिंसा, विभाजन और सांप्रदायिक तनाव भाजपा की राजनीति का हिस्सा है। जहां-जहां भाजपा चुनाव लड़ती है, वहां लोगों को डराने, दहशत फैलाने और फिर वोट लेने की रणनीति अपनायी जाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पंजाब में आगामी चुनावों को देखते हुए अशांति फैलाने का प्रयास कर रही है, लेकिन उसकी यह साजिश कभी सफल नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब की उपजाऊ धरती पर सब कुछ उग सकता है, लेकिन नफरत के बीज कभी नहीं उग सकते।

श्री मान ने कहा कि पंजाब हमेशा भाईचारे, सांप्रदायिक सौहार्द और एकता की मिसाल रहा है। राज्य सरकार और पंजाब के लोग मिलकर किसी भी कीमत पर इस माहौल को खराब नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि हाल ही में पारित 'जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम, 2026' ने भाजपा की उन साजिशों को विफल कर दिया है, जिनके तहत बेअदबी की घटनाओं के जरिए तनाव पैदा करने की कोशिश की जाती थी। अब जब वह रास्ता बंद हो गया है, तो भाजपा बम धमाकों जैसी घटनाओं का सहारा ले रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन धमाकों के पीछे शामिल लोगों को जल्द बेनकाब किया जाएगा और कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। पंजाब सरकार राज्य की शांति, सुरक्षा और अखंडता को खतरा पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है।

चुनाव आयोग को लेकर उठ रहे सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उसकी निष्पक्षता पर संदेह लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी संदेहों को पारदर्शी तरीके से दूर किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे राज्य की शांति और भाईचारे को बिगाड़ने वाली ताकतों के खिलाफ एकजुट और सतर्क रहें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार हर वर्ग के कल्याण और सुरक्षा के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित