कोलकाता , जून 09 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 13 जून को पश्चिम बंगाल दौरे पर आने और हावड़ा के संकरैल में अमूल की 650 करोड़ रुपये की डेयरी परियोजना की आधारशिला रखने की संभावना है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, गुजरात की डेयरी कंपनी अमूल राज्य में करीब 650 करोड़ रुपये के निवेश से दो बड़े उत्पादन संयंत्र स्थापित करने जा रही है। इसे हाल के वर्षों में पश्चिम बंगाल के डेयरी क्षेत्र में निजी क्षेत्र के सबसे बड़े निवेशों में से एक माना जा रहा है। आधारशिला समारोह में 100 से अधिक विशिष्ट अतिथियों और डेयरी किसानों के शामिल होने की संभावना है।

यह परियोजना ऐसे समय में सामने आयी है जब राज्य की भाजपा सरकार पश्चिम बंगाल में औद्योगिक निवेश आकर्षित करने के प्रयासों को तेज कर रही है। सरकार बनने के तुरंत बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने विश्वास जताया था कि नयी सरकार के पहले 100 दिनों के भीतर राज्य में औद्योगिक प्रगति दिखाई देगी।

इसके कुछ दिनों बाद अमूल ब्रांड का संचालन करने वाले गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (जीसीएमएमएफ) के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से नबान्न में मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल में जीसीएमएमएफ के प्रबंध निदेशक जयेन मेहता और डेयरी उद्योग से जुड़े अमित व्यास शामिल थे।

सूत्रों के अनुसार विस्तृत चर्चा के बाद आधारशिला कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया। प्रस्तावित डेयरी संयंत्र हावड़ा के सालकिया फूड पार्क में स्थापित किया जायेगा और इसे अमूल की पहली पूर्ण स्वामित्व वाली डेयरी विनिर्माण इकाई माना जा रहा है। गुजरात की एक कंपनी द्वारा दो चरणों में विकसित की जाने वाली इस परियोजना के चालू होने पर प्रतिदिन लगभग 10 लाख किलोग्राम डेयरी उत्पादों का उत्पादन होने की उम्मीद है। इनमें दही, लस्सी और छाछ जैसे उत्पाद शामिल होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित