मुंबई , अक्टूबर 22 -- बॉलीवुड अभिनेता अमित साध की आगामी फिल्म 'प्रताप' का मोशन पोस्टर जारी कर दिया गया है। इस फिल्म में अमित एक एनकाउंटर स्पेशलिस्ट पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगे, जो परिस्थितियों के चलते खुद कानून के शिकंजे में आ जाता है। फिल्म का ट्रेलर 26 अक्टूबर को रिलीज होगा।

मोशन पोस्टर में अखबारों की सुर्खियों के जरिए एक बर्खास्त पुलिस अधिकारी, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की जांच, हाई-प्रोफाइल बम धमाके और एक प्रभावशाली उद्योगपति से संभावित संबंधों का संकेत दिया गया है। इसके बाद अमित साध सलाखों के पीछे नजर आते हैं, जिससे कहानी को लेकर रहस्य और गहरा हो जाता है।

फिल्म का केंद्रीय सवाल है कि जब पुलिस अधिकारी ही निशाना बन जाए, तो क्या होगा? मोशन पोस्टर इसी सवाल के जरिए एक ऐसी कहानी की झलक पेश करता है, जिसमें एक जांबाज अधिकारी को अपनी बहादुरी और सिद्धांतों के बावजूद मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।

सचिन सारफ के लेखन और निर्देशन में बनी इस फिल्म में अमित साध के साथ ईशा देओल, सीमा बिस्वास और तिग्मांशु धूलिया भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित