चंडीगढ़ , अक्टूबर 18 -- केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने रविवार को बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 अक्टूबर को पंजाब के दौरे पर आएंगे और नशे की समस्या से प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री का पिछले 20 दिन में यह दूसरा दौरा होगा। वे मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मुलाकात करेंगे। इसके बाद गुरदासपुर जाएंगे, जहां पर विक्रमजीत सिंह के परिवार से मिलेंगे।
श्री बिट्टू ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर श्री शाह के प्रस्तावित दौरे का स्वागत करते हुए बताया कि गृह मंत्री संगरूर, बटाला और मानसा जाएंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब इस समय नशे की गंभीर समस्या से जूझ रहा है और युवाओं तथा राज्य के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए निर्णायक कार्रवाई, मजबूत नेतृत्व और दृढ़ संकल्प की जरूरत है।
भाजपा नेता ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि सरकार अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले ही जनादेश खो चुकी है। उन्होंने पंजाब के लोगों से नशामुक्त राज्य बनाने के प्रयासों में शाह का समर्थन करने की अपील की।
प्रस्तावित मुलाकातों के दौरान नशे की समस्या से प्रभावित परिवारों की परेशानियों और उनके सामने आने वाली चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि मानसा में मेडिकल स्टोर संचालक ने 13 अक्टूबर को नशा का विरोध करने पर कार्यकर्ता झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके ठीक दो दिन बाद 15 अक्टूबर की रात को श्री हरगोबिंदपुर साहिब क्षेत्र के माड़ी पन्नवां गांव में ड्रग्स बेचने का विरोध करने पर विक्रमजीत सिंह की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इससे पहले श्री शाह 30 सितंबर को जालंधर आए थे। वह भाजपा की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' के समापन समारोह में शामिल हुए थे और नशे के खिलाफ रैली को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद पंजाब को 31 दिसंबर 2029 तक पूरी तरह से नशा मुक्त कर दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित