चंडीगढ़ , अक्टूबर 19 -- पंजाब के वित्त मंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता हरपाल सिंह चीमा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए देश में गैंगस्टरवाद, फिरौती, नशा तस्करी और आम नागरिकों की सुरक्षा के मुद्दों पर जवाब मांगा।

उन्होंने सवाल किया कि गुजरात की साबरमती जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े कथित आपराधिक नेटवर्क पर केंद्र और गुजरात सरकार ने अब तक क्या ठोस कार्रवाई की है।

सोमवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में श्री चीमा ने कहा कि श्री शाह विभिन्न राज्यों की समस्याओं पर बात करते हैं, लेकिन पंजाब आने से पहले उन्हें देशभर में गैंगस्टरवाद, फिरौती और नशा तस्करी से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा इन मुद्दों पर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।

लॉरेंस बिश्नोई का मामला उठाते हुए श्री चीमा ने कहा कि उसके खिलाफ देश के विभिन्न हिस्सों में हत्या, फिरौती और अपहरण जैसे गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं। उन्होंने दावा किया कि साबरमती जेल में बंद होने के बावजूद उसके नाम पर आपराधिक गतिविधियों और धमकी भरे फोन आने की खबरें सामने आती रहती हैं। उन्होंने केंद्र और गुजरात सरकार से पूछा कि जेलों के भीतर से कथित आपराधिक नेटवर्क संचालित होने की आशंकाओं पर क्या कदम उठाए गए हैं और इन मामलों में किसकी जवाबदेही तय की गई है।

मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर गोलीबारी किए जाने की खबरों का उल्लेख करते हुए श्री चीमा ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि कलाकारों, कारोबारियों और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर उठने वाले सवालों का जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी है।

श्री चीमा ने हरियाणा, गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र में गैंगवार, गोलीबारी, फिरौती तथा नशा तस्करी की घटनाओं का हवाला देते हुए भाजपा से पूछा कि आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने और युवाओं को नशे से बचाने के लिए क्या प्रभावी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक भाषणों से अपराध पर अंकुश नहीं लगाया जा सकता, इसके लिए जवाबदेही, प्रभावी जांच और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय जरूरी है। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों की धमकियों के कारण कारोबारियों और आम नागरिकों की स्वतंत्रता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। लोकतंत्र में हर नागरिक और राजनीतिक दल को बिना डर अपनी बात रखने का अधिकार है। फिरौती के लिए धमकाना और लोगों को भयभीत करना कानून-व्यवस्था के साथ नागरिक स्वतंत्रता का भी गंभीर मुद्दा है।

पंजाब में सरकार की कार्रवाई का बचाव करते हुए श्री चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार 'युद्ध नशे के विरुद्ध' अभियान चला रही है और पंजाब पुलिस अपराधियों तथा गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने केंद्र से अंतरराज्यीय आपराधिक नेटवर्क और नशा तस्करी के खिलाफ समन्वित अभियान तेज करने की अपील की।

श्री चीमा ने दोहराया कि श्री शाह को स्पष्ट करना चाहिए कि लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े कथित नेटवर्क को तोड़ने, जेलों से धमकी भरे फोन और फिरौती की शिकायतों को रोकने तथा जिम्मेदारी तय करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनता को आश्वासनों के बजाय ठोस कार्रवाई और जवाब चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित