जगदलपुर/रायपुर, मई 18 -- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोमवार को अपने बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचकर माओवाद विरोधी अभियान में शहीद हुए एक हजार से अधिक जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहे।

अमित शाह ने कहा कि बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास स्थापित करने में सुरक्षाबलों के जवानों का योगदान और बलिदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले जवानों का त्याग कभी व्यर्थ नहीं जाएगा तथा केंद्र और राज्य सरकार माओवाद के समूल उन्मूलन और बस्तर में स्थायी शांति स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

इस दौरान गृह मंत्री ने बीजापुर नक्सली हमले में शहीद जवान कालेन्द्र प्रसाद नायक और पवन कुमार मंडावी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने सुरक्षाबलों के जवानों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित