शिलांग , अक्टूबर 03 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मेघालय की राजधानी शिलांग का रविवार से प्रस्तावित दो दिवसीय दौरा रद्द कर दिया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

श्री शाह को पांच अक्टूबर को मेघालय पुलिस को राष्ट्रपति का निशान प्रदान करना था। इसके अगले दिन उन्हें मिजोरम का दौरा करना था। यह दूसरी बार है जब श्री शाह ने शिलांग का प्रस्तावित दौरा टाला है। इससे पहले उनका 24 सितंबर का दौरा भी स्थगित कर दिया गया था।

एक सरकारी अधिकारी ने यूनीवार्ता से कहा, "केंद्रीय गृह मंत्री ने अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण शिलांग का प्रस्तावित दौरा रद्द कर दिया है। उनके राज्य दौरे की नयी तारीख तय की जाएगी।"श्री शाह रविवार रात शिलांग पहुंचने वाले थे और इस दौरान राज्य के भारतीय जनता पार्टी नेताओं के साथ बैठक भी प्रस्तावित थी। मेघालय विधानसभा में भाजपा की संख्या दो से बढ़कर 10 होने के बाद यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही थी। पिछले महीने यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) के 12 में से आठ विधायक केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और अन्य नेताओं की मौजूदगी में नयी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी में शामिल हुए थे।

शिक्षा मंत्री लखमेन रिंबुई के नेतृत्व में आठ विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी 60 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पार्टी के बाद दूसरी सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बन गयी है। एनपीपी के पास 33 विधायक हैं, जो सदन में साधारण बहुमत के लिए आवश्यक संख्या से दो अधिक हैं। राज्य की प्रमुख क्षेत्रीय पार्टी यूडीपी के अब चार विधायक रह गये हैं। यूडीपी के कार्यकारी अध्यक्ष और वरिष्ठ विधायक पॉल लिंगदोह ने संकेत दिया है कि शेष तीन विधायक भी पार्टी छोड़ने के कगार पर हैं।

एनपीपी के नेतृत्व वाले मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस में शामिल भाजपा के पास परंपरागत रूप से विधानसभा में केवल दो निर्वाचित विधायक रहे हैं। इनमें ए.एल. हेक और सनबोर शुल्लई शामिल हैं, जो शिलांग के शहरी निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं और सरकार में बारी-बारी से कैबिनेट पद संभालते रहे हैं। राज्य भाजपा अध्यक्ष रिकमैन जी. मोमिन ने शाह के दौरे को रद्द किये जाने से पहले यूएनआई से कहा था कि गृह मंत्री रविवार को हालिया राजनीतिक घटनाक्रम के बाद भाजपा विधायकों और राज्य पार्टी नेताओं से मुलाकात करने वाले थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित