रायपुर , नवंबर 04 -- जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो से छत्तीसगढ़ में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वीडियो की सामग्री पर कड़ी आपत्ति जताते हुए पुलिस से प्राथमिकी दर्ज करने और संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद श्री जोगी ने वीडियो हटाकर सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है।

भाजपा विधायक राजेश मूणत सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार देर शाम को राजधानी के सिविल लाइंस थाने पहुंचा और पुलिस को ज्ञापन सौंपा। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि श्री जोगी द्वारा प्रसारित वीडियो में संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों के प्रति आपत्तिजनक एवं अपमानजनक सामग्री का इस्तेमाल किया गया है, जिससे जनभावनाएं आहत हुई हैं।

भाजपा ने अपनी शिकायत में वीडियो तैयार करने वाले व्यक्तियों, उसकी पटकथा लिखने वालों तथा उसमें शामिल अन्य सभी लोगों की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पार्टी नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों की गरिमा बनाए रखना आवश्यक है तथा राजनीतिक अभिव्यक्ति के नाम पर इन पदों का उपहास करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है।

इस मामले में विधायक राजेश मूणत ने कहा कि अमित जोगी ने गरिमामय पदों का अपमान किया है। हमने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन देकर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की मांग की है। अगर कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा आगे बड़ा आंदोलन करेगी।

दूसरी ओर, विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने संबंधित वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया और एक अन्य पोस्ट के माध्यम से खेद व्यक्त किया। उन्होंने स्वीकार किया कि अपनी बात रखने का उनका तरीका सही नहीं था। जिस संदेश को वे देना चाहते थे, उसे दूसरे तरीके से भी रखा जा सकता था। उन्होंने कहा कि व्यंग्य की भी एक सीमा होती है, जिसे वे पार नहीं करना चाहते थे। इसी वजह से उन्होंने पोस्ट हटा दी है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों की भावनाएं इस पोस्ट से आहत हुई हैं, उनसे वे क्षमा चाहते हैं।

उल्लेखनीय है कि अमित जोगी देश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठाते रहे हैं। उनका आरोप है कि एसआईआर के नाम पर चुनाव आयोग निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा है। इसी मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने के उद्देश्य से उन्होंने विवादित वीडियो साझा किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित